बेहतर काम के लिए चार शिक्षकों को किया सम्मानित
जिला पब्लिक स्कूल समन्वय समिति के तत्वावधान में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन आरकेवीएस बीएड कॉलेज के सभागार में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने किया। मौके पर एसजीएन मॉडर्न किंडर गार्टेन मेराल की कुमारी निर्मला, सरस्वती ज्ञान मंदिर रंका के प्रभात कुमार चौधरी, मदर टेरेसा स्कूल सहिजना के आश्रिता पन्ना व सूरत पांडेय पब्लिक स्कूल सहिजना के सुशील कुमार दुबे को शॉल ओढ़ाकर एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया। सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि जिला पब्लिक स्कूल समन्वय समिति गढ़वा जिले में उत्कृष्ट कार्य कर रही है।
जिले में ही नहीं राज्य में ऐसी कोई समिति नहीं है। समिति के अध्यक्ष अलखनाथ पांडेय ने कहा कि समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य कर्मठ एवं जिम्मेवार हैं। विद्यालय के साथ समाज सेवा में भी ये अहम भूमिका निभाते हैं। कोरोना महामारी में देश के सभी विद्यालय बंद है।फिर भी शिक्षक अपने छात्रों के भविष्य की चिंता करते हुए उन्हें ऑनलाइन के साथ विभिन्न माध्यमों से शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। वे हमेशा अपने विद्यार्थियों की उन्नति चाहते हैं। इसलिए अभिभावकों को भी शिक्षकों के बारे में सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलाव को चुनौती के रूप में ले रहे हैं। नई शिक्षा नीति में व्यापक बदलाव हो गया है। इसके अनुरूप हमें अपने आप को ढालना होगा। समय-समय पर समिति द्वारा इसके लिए कार्यशाला का भी आयोजन किया जाएगा।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें